कोलकाता: छठ पूजा से पहले मिथिलावासियों को एक खास सांस्कृतिक उपहार मिला है। मिथिला की समृद्ध कला और परंपरा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में मिथिला विकास परिषद की पहल सफल हुई है। परिषद के प्रयास से सियालदह-जयनगर गंगा सागर एक्सप्रेस (13185/13186) के प्रथम और द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के डिब्बों को विश्वप्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग से सजाया गया है।
12 नवंबर 2026 को पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय, सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना, प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर डॉ. उदय शंकर झा और अन्य अधिकारियों ने सुसज्जित डिब्बों का निरीक्षण किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद गोविन्द ठाकुर और मिथिला विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक झा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत मिथिला की पारंपरिक पाग, दुपट्टा और माला पहनाकर किया गया। डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि मिथिला पेंटिंग केवल लोककला नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पहचान का प्रतीक है। रेलवे के माध्यम से इसे देशभर के यात्रियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
अशोक झा ने रेलवे अधिकारियों के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि परिषद का लक्ष्य मिथिला की कला-संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही ट्रेन के शेष डिब्बों पर भी मिथिला पेंटिंग बनाई जाएगी। इस अवसर पर यात्रियों को गुलाब के फूल देकर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना भी की गई।