सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता की प्राचीन और पारंपरिक धार्मिक आयोजनों में शामिल नव काली पूजा, जिसे ‘बोम काली पूजा’ के नाम से भी जाना जाता है, इस वर्ष अपने 76वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। सात दशकों से अधिक पुरानी यह पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, मानवीय मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत का संदेश देती आ रही है। पूजा कमिटी के अनुसार, इस वर्ष उद्घाटन समारोह में पूर्व न्यायाधीश प्रणब चटर्जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पूजा का उद्घाटन किए। पूजा के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच वस्त्र वितरण किया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। पूजा का एक प्रमुख आकर्षण विसर्जन के अवसर पर निकलने वाला रंगीन और आकर्षक जुलूस है। वहीं, निरंजन पर्व के दौरान होने वाली आतिशबाजी भी लोगों के लिए खास आकर्षण रहती है। कमिटी का कहना है कि पूजा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सामाजिक सौहार्द, आपसी मेलजोल और सेवा की भावना को मजबूत करना भी है। 76 वर्षों से नव काली पूजा इसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है।