कोलकाता : राज्य में दूसरे चरण के मतदान के बाद हिंसा की खबरें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटना पंचशायर इलाके की है, जहां एक भाजपा एजेंट के कार्यालय पर हमले और लूटपाट के आरोप में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने पकड़े गए सभी आरोपितों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला
घटना बुधवार की है जब राज्य में दूसरे चरण का मतदान चल रहा था। पंचशायर इलाका जादवपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां उसी दिन वोट डाले गए थे। भाजपा एजेंट शांतनु सरकार की पत्नी अंकिता सरकार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, मतदान खत्म होने के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तब कुछ उपद्रवियों ने उनकी कार का रास्ता रोका। अंकिता ने बताया कि घर पहुंचने पर उन्हें अंदेशा हुआ कि शांतनु के कार्यालय पर भी हमला हो सकता है। जब उन्होंने कार्यालय में फोन किया, तो पता चला कि वहां पहले ही तोड़फोड़ की जा चुकी है।
नकदी की चोरी और सीसीटीवी को नुकसान
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने न केवल कार्यालय में तोड़फोड़ की, बल्कि वहां रखे 40 हजार रुपये नकद भी लूट लिये। हमले के दौरान कार्यालय के सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया और उनकी कार पर पत्थरबाजी की गई। बाद में सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर कार्यालय के बाहर भीड़ जमा होने के सबूत मिले। अंकिता सरकार ने अपनी शिकायत में सात लोगों को नामजद किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एफआईआर में शामिल सभी सातों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायतकर्ता परिवार ने इस मामले में पुलिस द्वारा की गई सहायता और त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।