कोलकाता : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 65,000 से अधिक एनसीसी कैडेटों ने योग कार्यक्रमों में भाग लिया। 18 से 21 जून के बीच 215 स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों की थीम थी ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’।
मुख्य कार्यक्रम कोलकाता स्थित एनसीसी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में आयोजित किया गया। एनसीसी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कैडेटों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रसिद्ध योग विशेषज्ञ अंजू मिश्रा ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओलंपिक पदक विजेता और टेनिस स्टार लिएंडर पेस थे। उन्होंने कैडेटों को अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास का महत्व बताते हुए कहा, “जितनी कठिन लड़ाई होगी, जीत उतनी ही मधुर होगी।” उन्होंने एनसीसी की खेल, फिटनेस और वेलनेस संबंधी पहलों का भी समर्थन किया।
अधिकारियों ने कहा कि एनसीसी राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हजारों कैडेटों द्वारा एक साथ किए गए योगाभ्यास ने एक स्वस्थ, सशक्त और एकजुट भारत का संदेश दिया।