कोलकाता: बीते शनिवार को नवान्न अभियान के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिसकर्मियों पर हुए हमले के मामले में कोलकाता पुलिस ने छह भाजपा नेताओं को नोटिस जारी की है। नोटिस प्राप्त करने वाले नेताओं में सजल घोष, तमघ्न घोष, अशोक डिंडा, भोला सोनकर, कुशल पांडेय और कमलजीत सिंह शामिल हैं। इनमें से सजल घोष, तमघ्न घोष और अशोक डिंडा को न्यू मार्केट थाने द्वारा नोटिस भेजी गयी है, जिसमें अशोक डिंडा को 18 अगस्त, सजल घोष को 19 अगस्त और तमघ्न घोष को 20 अगस्त को थाने में उपस्थित होने को कहा गया है। वहीं, हेयर स्ट्रीट थाने में दर्ज प्राथमिकी के संबंध में भोला सोनकर, कुशल पांडेय और कमलजीत सिंह को 14 अगस्त को थाने में हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, नवान्न अभियान के दिन कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में भी जांच शुरू की गई है। ज्वाइंट सीपी हेड क्वार्टर मिराज खालिद ने बताया कि इस मामले में कानून के तहत कार्रवाई होगी।
पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखायी हमले की वीडियो फुटेज
मंगलवार शाम लालबाजार स्थित पुलिस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें ज्वाइंट सीपी हेडक्वार्टर्स (मुख्यालय) मिराज खालिद और ज्वाइंट सीपी (क्राइम) रूपेश कुमार और डीसी सेंट्रल इंदिरा मुखर्जी उपस्थित थीं। इस दौरान बताया गया कि नवान्न अभियान के दिन हुए हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए थे। सम्मेलन में पुलिस पर हमले से संबंधित कई वीडियो फुटेज और तस्वीरें दिखाई गईं। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को अभया के माता-पिता ने नवान्न अभियान का आह्वान किया था, जिसका समर्थन करते हुए बंगाल भाजपा सड़कों पर उतरी थी। इस मार्च में शुभेंदु अधिकारी सहित कई भाजपा नेता शामिल थे। संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) मिराज खालिद ने बताया कि इस अभियान के लिए पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गयी थी और पुलिस को इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने मार्च के लिए कुछ स्थानों को चिह्नित किया था।
डोरिना क्रॉसिंग पर जुलूस की दिशा बदलने से शुरू हुई हिंसा
पुलिस ने बताया कि डोरिना क्रॉसिंग के पास पहुंचने पर जुलूस ने निर्धारित मार्ग छोड़कर चौरंगी की ओर रुख किया। वहां करीब 500 लोग एकत्र हो गए थे। जब पुलिस ने जुलूस को रोकने का प्रयास किया, तो उस पर हमला किया गया, जिसके कारण पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें से डीसी एसएसडी के गार्ड को सिर में गंभीर चोट आयी है। संवाददाता सम्मेलन में दिखायी गयी फुटेज और तस्वीरों के आधार पर छह भाजपा नेताओं को चिह्नित किया गया है, जिन्हें नोटिस जारी की गयी है। पुलिस ने कहा कि इन नेताओं के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।