कोलकाता : बांग्लादेश लौटने के डर से 6 युवक वीज़ा समाप्त होने के बावजूद कोलकाता में छिपे रहे। वे लगातार एक होटल से दूसरे होटल में रह रहे थे। पार्क स्ट्रीट थाने के पुलिस अधिकारियों को कॉलिन स्ट्रीट के एक होटल में विदेशी बोर्डर्स के पासपोर्ट और वीज़ा चेक करने के दौरान यह जानकारी मिली कि ये सभी लंबे समय से वीज़ा समाप्त होने के बावजूद होटल में रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर 6 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों के पास से छह वैध बांग्लादेशी पासपोर्ट बरामद हुए। शुरुआती जांच में पता चला कि ये सभी अवामी लीग के सदस्य हैं और बांग्लादेश में अशांति और हमले के डर से मेडिकल वीज़ा पर कोलकाता आए थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में अबीर हुसैन, मोहम्मद मामून राशिद, मोहम्मद अलीमुन गाज़ी, आज़म मोल्लाह, फैज़ल अमीन और ज़ैदुल इस्लाम शामिल हैं। इनमें आज़म मोल्लाह बांग्लादेशी सिंगर हैं और कोलकाता में रहते हुए अपने जान-पहचान वालों के बीच गाते रहे। गिरफ्तार होने के बाद भी उन्होंने पुलिस से अपने गाने की इजाजत देने की रिक्वेस्ट की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इनकी उम्र 25 से 35 साल के बीच है और ये मूल रूप से बांग्लादेश के नोआखली और तंगेल जिले के निवासी हैं। पिछले साल खराब हालात के कारण वे अलग-अलग समय पर कोलकाता आए। वे शारीरिक बीमारी दिखाकर मेडिकल वीज़ा पर आए और धीरे-धीरे अलग-अलग होटलों में रहने लगे। इनमें से कुछ ने यहां काम की तलाश भी की। सूत्रों ने बताया कि सभी के वीज़ा नवंबर-जुलाई तक समाप्त हो गए थे। अपनी जान के डर से वे बांग्लादेश लौटना नहीं चाहते थे और विदेश में नौकरी की तलाश में यहां रह गए। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए अवामी लीग के सदस्य बांग्लादेश वापस नहीं जाना चाहते। हालांकि, कानून के अनुसार उनकी सज़ा पूरी होने के बाद उन्हें वापस बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
बैंकशाल कोर्ट ने सभी अभियुक्तों को 27 फरवरी तक जेल कस्टडी में रखने का आदेश दिया।