कोलकाता सिटी

न्यू टाउन में पांच साल में लगाए गए 5,000 पेड़

70% से अधिक पौधे सुरक्षित

कोलकाता : न्यू टाउन को हराभरा बनाने की मुहिम के तहत प्रकृति प्रेमियों ने पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में 5,000 पेड़ लगाने का लक्ष्य पूरा किया है। इन्होंने 2022 से लगातार हर वर्ष करीब 1,000 पौधे लगाए। इनमें स्थानीय प्रजातियों और फलदार पेड़ों को प्राथमिकता दी गई।

स्थानीय प्रजातियों और फलदार पौधों पर जोर

प्रकृति प्रेमियों ने न्यू टाउन के ग्रीन वर्ज पार्क, सड़क के डिवाइडर, बुलेवार्ड और खुले स्थानों में पौधारोपण किया। सेंट्रल मॉल, एक्सिस मॉल, न्यू टाउन बस स्टैंड, क्लॉक टावर, हैप्पी स्ट्रीट और प्राइड होटल के आसपास भी पौधे लगाए गए। इनमें नीम, बकुल, अर्जुन, आंवला, जामुन, पलाश, बरगद और राधाचूड़ा जैसी प्रजातियां शामिल हैं।

पौधों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान

जानकारी के अनुसार लगाए गए पौधों में 70 फीसदी से अधिक अब तक जीवित हैं और बढ़ रहे हैं। पौधों को नुकसान से बचाने के लिए कहीं बांस की खपच्चियों से घेरा बनाया गया है तो कई जगह लोहे की जाली का इस्तेमाल किया गया है। लगों का कहना है कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके नियमित रखरखाव और सिंचाई पर भी ध्यान देना जरूरी है।

पौधों की देखभाल में स्थानीय माली और ऑटो चालकों को भी जोड़ा गया है। विशेष रूप से गर्मी के दौरान नियमित पानी देने और पौधों को क्षति से बचाने की व्यवस्था की जाती है। प्रकृति प्रेमियों की ये पहल न्यू टाउन में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ शहरी पर्यावरण और जैव विविधता को मजबूत करने की दिशा में एक सतत प्रयास के रूप में सामने आई है।

SCROLL FOR NEXT