गुरुवार को ब्रिगेड मैदान में चल रहा टेंट निर्माण का कार्य 
कोलकाता सिटी

नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर ब्रिगेड में 4000 पुलिसकर्मी होंगे तैनात

केन्द्रीय बलों की टुकड़ियों को भी किया जाएगा तैनात

कोलकाता: राज्य के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कोलकाता पुलिस ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस मेगा इवेंट की सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक उच्च स्तरीय बैठक की।

30 सेक्टरों में बंटा ब्रिगेड, अभूतपूर्व सुरक्षा घेरा

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए लगभग 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। पूरे ब्रिगेड परेड ग्राउंड को 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की कमान एक डिप्टी कमिश्नर या असिस्टेंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी के पास होगी। उनके साथ इंस्पेक्टर, सब-इन्स्पेक्टर, एएसआई और कांस्टेबल तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर केंद्रीय बलों की टुकड़ियों को भी तैनात किया जा सकता है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एडिशनल पुलिस कमिश्नर और जॉइंट पुलिस कमिश्नर स्तर के अधिकारी करेंगे।

वीवीआईपी मूवमेंट: प्रधानमंत्री और गृहमंत्री रहेंगे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा ओडिशा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और असम सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी कोलकाता आने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा बलों का विशेष ध्यान मुख्य मंच और वीवीआईपी दीर्घा की ओर रहेगा।

हाई-टेक निगरानी और जांच

ब्रिगेड में प्रवेश के लिए पर्याप्त संख्या में डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। साथ ही पुलिसकर्मी हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर से हर संदिग्ध की जांच करेंगे। मैदान के आसपास की ऊंची इमारतों की छतों से पुलिसकर्मी बाइनोकुलर (दूरबीन) के जरिए कड़ी नजर रखेंगे। पूरे क्षेत्र को कवर करने के लिए भारी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

समारोह के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कोलकाता पुलिस ने अलग से गाइडलाइन जारी की है। वाहनों की पार्किंग के लिए विशिष्ट स्थान चिह्नित किए गए हैं और आवश्यकतानुसार कई रूटों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अवांछित तत्व या अवैध हथियार समारोह स्थल तक न पहुँच सके।


SCROLL FOR NEXT