मुख्य सड़कों पर टोटो रहेंगे बंद
रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
बारुईपुर: दुर्गा पूजा को लेकर बारुईपुर पुलिस जिला पूरी तरह तैयार है। इस बार पूजा के दौरान 4000 पुलिसकर्मी बारुईपुर पुलिस जिले के अंतर्गत विभिन्न पूजा पंडालों और ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात रहेंगे। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में एसपी पलाश चंद्र ढाली ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस बार 1874 पूजा पंडालों को पुलिस की अनुमति दी गई है। इनमें से कई पंडाल बड़े बजट के हैं, जहाँ भारी भीड़ की संभावना है। ऐसे पंडालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं सड़कों पर रहेंगे। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विनर्स टीम और महिला थानों की महिला अधिकारी/इंस्पेक्टर को अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया है, ताकि ईव-टीजिंग जैसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जा सके। इसके अलावा, बच्चों को “आई-केयर कार्ड” वितरित किए जाएंगे ताकि वे भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ने पर तुरंत पहचाने जा सकें। रात 1 बजे से सुबह 5 बजे तक स्वयंसेवक (वॉलेंटियर) पंडालों पर मौजूद रहेंगे। पुलिस लगातार गश्त करती रहेगी। किसी भी प्रकार की समस्या के लिए जिला कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है। सुरक्षा के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, जिनमें एंटी ईव-टीजिंग टीम और एंटी स्नैचिंग टीम शामिल हैं। भारी भीड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की जा रही है। इस बार पुलिस ने “सबार पूजा” ऐप भी शुरू किया है, जिसमें नजदीकी अस्पतालों, कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध है। ऐप में दिये गये क्यूआर कोड को स्कैन कर श्रद्धालु अपने निकटतम सहायता केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिले में 42 पुलिस असिस्टेंस बूथ बनाए गए हैं। पूजा कमेटियों के साथ मिलकर साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। एसिस्टेंट बूथ पर पुलिस की टीम 24 घंटे तैनात रहेगे। इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है पूजा को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।