फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

नाव से गंगा पार करके पहुंचे थे चोर, 4 गिरफ्तार

वेस्ट पोर्ट में मंदिर से लाखों के आभूषण व बर्तन चोरी

कोलकाता : वेस्ट पोर्ट थानांतर्गत नील कंठेश्वर हनुमान मंदिर से लाखों के आभूषण और बर्तन चुराने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम मो.रोनिश सरदार, मो.जलालुद्दीन, शेख नूर हुसैन और मो.तजमुल बताये गये हैं। सभी अभियुक्तों को नॉर्थ पोर्ट थानांतर्गत स्ट्रैंड रोड इलाके से पकड़ा गया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार मंदिर के पुजारी नरेन्द्र पांडेय ने गुरुवार को शिकायत दर्ज करायी थी कि किसी ने मंदिर से चांदी का मुकुट, चांदी की गदा, पीतल का घंटा, 3 हजार रुपये नकद सहित अन्य बर्तन और आभूषण चुरा लिये। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर पाया कि कुछ लोग देर रात नाव के जरिए नदी पार कर मंदिर के किनारे पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोर को चिह्नित कर पुलिस ने स्ट्रैंड रोड इलाके से मो.रोनिश सरदार को पकड़ा। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने अभियुक्त के तीन और साथियों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मानिक बोस घाट इलाके से नदी किनारे एक बोरे के अंदर छिपाकर रखे गये बर्तन और आभूषण को बरामद किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल नाव को भी जब्त किया गया।

SCROLL FOR NEXT