कोलकाता : महानगर में देवी-देवताओं का वेश धारण कर लोगों से ठगी और चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोलकाता पुलिस के वॉच सेक्शन के अधिकारियों ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिल रामजू सलात, धीरू कालोभाई सलात, समीरभाई सलात और राजू कुमार के रूप में हुई है। यह सभी गुजरात के आनंद जिले के निवासी हैं। जोड़ासांको थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियुक्तों को हेस्टिंग्स इलाके से पकड़ा है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, पकड़े गये अभियुक्त महानगर के विभिन्न ट्रैफिक सिग्नल या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर काली, शिव समेत अन्य देवी-देवताओं का वेश बनाकर लोगों के पास पहुंचते थे। धार्मिक आस्था का लाभ उठाकर वे पहले पैसे मांगते और बातचीत के दौरान बड़ी सफाई से लोगों का मोबाइल फोन या बटुआ चुरा लेते थे। पीड़ितों को चोरी का एहसास तब होता, जब आरोपी वहां से जा चुके होते। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि अन्य शहरों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले गिरीश पार्क थाने में दर्ज मोबाइल चोरी के एक मामले में पार्क स्ट्रीट इलाके से मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस इन चारों अभियुक्तों तक पहुंची। मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार एक बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं और अन्य शहरों में भी इनके सहयोगी सक्रिय हैं।