एलेन पार्क में चल रहा दुर्गा पूजा पंडाल बनाने का कार्य
''''कोलकाता सनातनी संघ’ की ऐतिहासिक पहल
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह कर सकते हैं उद्घाटन
14 देशों के राजदूत पहुंचेंगे पूजा पंडाल देखने
9 दिनों तक चलेगा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
बनारस के 100 पुरोहित कराएंगे वैदिक अनुष्ठान
दीपक रतन मिश्रा
कोलकाता :
कोलकाता के पॉश और ऐतिहासिक इलाके पार्क स्ट्रीट स्थित एलन पार्क में करीब 370 वर्षों के इतिहास में पहली बार सार्वजनिक दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस पूजा का आयोजन ‘कोलकाता सनातनी संघ’ के बैनर तले किया जा रहा है। संघ के सचिव और भाजपा के स्वच्छ भारत अभियान के सह संयोजक नवीन मिश्रा ने इस पूरे आयोजन की विस्तृत पृष्ठभूमि, उद्देश्य और व्यवस्थाओं पर खुलकर बातचीत की। उन्होंने इसे केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के गौरव और अस्मिता की पुनर्स्थापना का ‘धर्मयुद्ध’ करार दिया।
‘95% हिंदू आबादी वाले इलाके में पूजा न होना पूर्व सरकारों की विफलता’
कोलकाता सनातनी संघ के सचिव नवीन मिश्रानवीन मिश्रा ने पूर्ववर्ती वामपंथी एवं तृणमूल कांग्रेस सरकारों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पार्क स्ट्रीट और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में 95 प्रतिशत आबादी सनातनी हिंदुओं की है। उन्होंने कहा कि यहां प्रबुद्ध बंगाली समाज (चट्टोपाध्याय, बंद्योपाध्याय, मुखोपाध्याय, बसाक, गुप्तू, लाहा आदि), मारवाड़ी, गुजराती तथा बिहार व उत्तर प्रदेश के संभ्रांत व्यवसायी रहते हैं। साथ ही, देश के बड़े कॉर्पोरेट और औद्योगिक घराने भी इसी क्षेत्र में स्थित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल 1 प्रतिशत ईसाई/यहूदी और करीब 4 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले इस क्षेत्र को लंबे समय से केवल एक विशेष धर्म या पश्चिमी खान-पान संस्कृति से जोड़कर दिखाया गया और बहुसंख्यक सनातनी समाज को उनकी ही परंपरा से वंचित रखा गया।
दुर्गा पूजा के दौरान काशी के तर्ज पर महाआरती
एलेन पार्क में आयोजित दुर्गा पूजा के लिए बनारस से करीब 100 प्रकांड पंडितों और पुरोहितों का दल कोलकाता आ रहा है। जिस तरह काशी में दशाश्वमेध घाट पर गंगा मैया की दैनिक भव्य महाआरती होती है, उसी तर्ज पर चतुर्थी से लेकर दशमी तक प्रतिदिन शाम को एलन पार्क में महाआरती आयोजित होगी। मंडप में भगवान शिव के साथ मां दुर्गा, श्रीगणेश, भगवान कार्तिकेय, मां सरस्वती और मां लक्ष्मी की पारंपरिक बांग्ला उच्चारण और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
सांस्कृतिक महाकुंभ : पुरुलिया के छऊ से लेकर राष्ट्रीय स्तर के कलाकार
एलन पार्क में आयोजित होने वाले इस 10 दिवसीय महोत्सव में बंगाल की पारंपरिक लोक कलाओं और राष्ट्रीय स्तर के संगीतकारों का समागम होगा। पुरुलिया और बांकुड़ा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य, बाउल संगीत तथा ढाक वादन मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा देश के जाने-माने गायक व संगीतकार शंकर महादेवन, कैलाश खेर, बिहार की प्रख्यात लोकगायिका मैथिली ठाकुर तथा भगवान शिव के भजनों के लिए प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी सहित कई ख्यातिप्राप्त कलाकारों के इस मंच पर प्रस्तुति देने की पूरी संभावना है।
अष्टमी पर विशाल भगवती जगराता
महाअष्टमी की पूरी रात 5,000 से अधिक महिलाएं एक समान पारंपरिक वेशभूषा में मां भगवती का महाजगराता करेंगी। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और 15-16 देशों के राजदूतों के आगमन की संभावना है। समिति के अनुसार, महालया के उपरांत पूजा के औपचारिक शुभारंभ पर केंद्रीय गृह मंत्री सहित राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की पूरी संभावना है। इसके अलावा, करीब 15 से 16 देशों के विदेशी राजदूतों एवं राजनयिकों को भी पार्क स्ट्रीट की इस ऐतिहासिक सनातनी पूजा का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।