कोलकाता सिटी

खोपड़ियों में छिपाकर ले आया 3.5 करोड़ का गांजा... एयरपोर्ट पर ऐसे पकड़ा गया

एयरपोर्ट यात्री के पास से 3.5 करोड़ का गांजा बरामद

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री को गिरफ्तार किया है। IndiGo की फ्लाइट संख्या 6E 1058 से पहुंचे यात्री को अंतर्राष्ट्रीय आगमन हॉल में उस समय रोका गया, जब वह ग्रीन चैनल पार कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। जांच के दौरान यात्री के पास दो चेक-इन बैगेज भूरे रंग के कार्टन बॉक्स और एक काले रंग का हैंड बैग मिला। तलाशी लेने पर अधिकारियों ने करीब 10,009 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

चौंकाने वाली बात यह रही कि तस्करों ने इस मादक पदार्थ को मानव खोपड़ी के आकार के प्लास्टिक शोपीस (कुल 20 नग) के अंदर एयरटाइट तरीके से छिपा रखा था, ताकि जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके। सीमा शुल्क अधिकारियों ने बरामद गांजे को NDPS Act 1985 के तहत जब्त कर लिया है। आरोपी यात्री को भी इसी अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को बारासात कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल, एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।

SCROLL FOR NEXT