कोलकाता : ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से एक व्यक्ति को जाल में फंसाकर हुक्का बार ले जाने और डरा-धमकाकर 44 हजार रुपये ऐंठने के मामले में रवींद्र सरोवर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो के नाम यश राज सिंह और अर्णव घोष हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित को डेटिंग ऐप के जरिए एक हुक्का बार में मिलने के लिए बुलाया गया था। वहां आरोपियों ने पीड़ित के सामने अचानक 46 हजार रुपये का भारी-भरकम बिल थमा दिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और जबरन 44 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। गुरुवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलीपुर अदालत में पेश किया। अदालत में सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने आरोपियों की जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कोर्ट को बताया कि यह गिरोह डेटिंग ऐप के जरिए मासूम लोगों को निशाना बनाकर ठगी और उगाही का रैकेट चला रहा है। मामले की तह तक जाने और गिरोह के अन्य नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस हिरासत की मांग की गई। अदालत ने सरकारी वकील की दलीलों को स्वीकार करते हुए तीनों आरोपियों को 17 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।