फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

न्यू मार्केट अग्निकांड : दमकल विभाग ने 17 और होटलों को थमाई शो-कॉज नोटिस

24 घंटे में मांगा जवाब, मिर्जा गालिब स्ट्रीट की घटना के बाद प्रशासन सख्त

Deepak Mishra

संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो होटलों को बंद करने की चेतावनी

घटना पर सियासत तेज

कोलकाता : महानगर के न्यू मार्केट इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। दमकल विभाग ने अग्निशमन व्यवस्था (फायर सेफ्टी) में भारी लापरवाही बरतने के आरोप में इलाके के 17 और होटलों को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी की है। होटल प्रबंधन से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो इन होटलों को बंद (सील) भी किया जा सकता है।

गौरतलब है कि मंगलवार की रात न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित ''शिखा इन'' होटल में आग लग गई थी। इस घटना में दम घुटने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिनमें सात नागरिक बांग्लादेश के थे। इस हादसे के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कोलकाता पुलिस की ओर से मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया है, हालांकि होटल का मालिक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

अग्निकांड से सबक लेते हुए कोलकाता नगर निगम और दमकल विभाग ने इलाके के होटलों पर सघन निगरानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को मिर्जा गालिब स्ट्रीट के नौ गेस्ट हाउस और चार रेस्तरां को शो-कॉज नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब तलब किया गया था। शुक्रवार को दमकल विभाग की इस सूची में 17 और होटलों के नाम जुड़ गए।

इन इलाकों के होटलों को मिली नोटिस

शुक्रवार को जिन 17 होटलों को नई नोटिस थमाई गई है, उनमें मार्क्विस स्ट्रीट के 10, मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पांच, एसएन बनर्जी रोड का एक और तपसिया रोड का एक होटल शामिल है। दमकल विभाग ने इन सभी होटल मालिकों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है कि आखिर उनके होटलों को बंद क्यों न कर दिया जाए? उन्हें शनिवार तक हर हाल में इसका जवाब देना होगा।

SCROLL FOR NEXT