मकान में लगी आग को बुझाते हुए दमकल कर्मी 
कोलकाता सिटी

दीपावली की रात महानगर में 15 जगहों पर लगी आग

कई इलाकों में मची अफरातफरी, कसबा में दंपति झुलसा

Deepak Mishra

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दीपावली की रात महानगर कोलकाता के विभिन्न इलाकों में आग लगने की कई घटनाओं ने दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। शहर के रिहायशी भवनों से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, गोदामों और कारखानों तक आग की लपटें उठती रहीं। हालांकि दमकलकर्मियों की तत्परता से अधिकांश घटनाओं में आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, लेकिन कसबा इलाके में एक बहुमंजिली इमारत के केयरटेकर रूम में लगी आग में पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस और दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कसबा थाना क्षेत्र के रूबी पार्क स्थित एक बहुमंजिली इमारत के भूतल पर बने केयरटेकर रूम में देर रात करीब 1:10 बजे अचानक आग लग गई। इस हादसे में वहां रहने वाले राम प्रसाद सरदार (29) और उनकी पत्नी शम्पा नस्कर (25) आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को तत्काल नजदीकी रिवाइवल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दमकल के दो इंजनों ने मौके पर पहुंचकर करीब 1:45 बजे आग पर काबू पाया।

कारखाने, कार्यालय और दुकानों में भी लगी आग

दीपावली की रात महानगर के कई व्यावसायिक क्षेत्रों में भी आग की घटनाएं सामने आईं। वेस्ट पोर्ट थाना क्षेत्र के ऑयल इंस्टॉलेशन रोड स्थित पहाड़पुर कूलिंग टॉवर कारखाने में देर रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल के पांच इंजनों को लगाया गया। करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10:20 बजे आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। इसी तरह हेयर स्ट्रीट थाना क्षेत्र के ब्रेबोर्न रोड स्थित एक वाणिज्यिक इमारत की छठी मंजिल पर बने कार्यालय में सुबह 4:10 बजे आग लग गई। दमकल के चार इंजनों ने करीब पौने छह बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया। न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के लिंडसे स्ट्रीट स्थित पांच मंजिली इमारत की छत पर रात करीब 1:10 बजे आग लगने की सूचना मिली। दमकल के दो वाहनों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी। वहीं, ए.जे.सी. बोस रोड स्थित एक दोमंजिली इमारत के प्रथम तल पर बने गोदाम में शाम करीब 6:26 बजे आग लग गई। दमकल के दो इंजनों ने आग पर काबू पाया। दूसरी ओर, इंटाली के आनंद पालित रोड स्थित एक टाइल्स की दुकान में सुबह करीब 7:05 बजे आग लग गई। यहां भी दमकल के दो वाहनों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति संभाल ली।

रिहायशी इलाकों में भी आग से मचा हड़कंप

मोचीपाड़ा के राजा कुमार बोस लेन और बड़तला के कार्तिक बोस लेन स्थित आवासीय मकानों के प्रथम तल पर रात करीब 8 बजे आग लगने की घटनाएं सामने आईं। दोनों स्थानों पर दमकल के तीन-तीन इंजनों की मदद से आग बुझाई गई। अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाना क्षेत्र के एपीसी रोड पर छाया सिनेमा हॉल के पास स्थित चार मंजिली इमारत की दूसरी मंजिल पर रात करीब 10:12 बजे एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इसके अलावा न्यू अलीपुर के एस.एन. रॉय रोड स्थित टाइल-शेड कमरे, नेताजी नगर के रामगढ़, पर्णश्री पल्ली, श्यामपुकुर के जे.एम. एवेन्यू स्थित एक स्कूल के सामने बनी छत के स्टोर रूम, मानिकतला के हरीश नियोगी रोड तथा फूलबागान के यतिन सेन सरणी में भी आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। फूलबागान में एक पेड़ में आग लगने की सूचना मिली।

SCROLL FOR NEXT