चंपक वन Ai Generated Image
कथा

जब चंपकवन में रोबोट सैनिकों के डर से बब्बर शेर की सेना भागी

बाल कथा

Om Prakash Mishra

सुंदरवन का बब्बर शेर बहुत ही ताकतवर और खूंखार था। अपनी ताकत के बल पर वह कमजोर और छोटे जानवरों को हमेशा डराता और दबा कर रखता था। वह सुंदरवन का मुखिया था। बब्बर शेर का खौफ केवल सुंदरवन के जानवरों को ही नहीं था, आसपास के दूसरे वनों के जानवर भी उससे उतना ही डरते थे।

वह जब भी दूसरे वनों की तरफ निकलता, उसे देखकर सारे जानवर अपने अपने घरों में दुबक जाते थे। सुंदरवन के पड़ोस में चंपकवन था। चंपक वन का मुखिया वाइटी खरगोश था। वह उस बब्बर शेर से बिल्कुल नहीं डरता था। बब्बर शेर को यह बात बहुत बुरी लगती थी। वह चाहता था कि वाइटी खरगोश भी उसे देखकर डरे। बब्बर शेर वाइटी की हिम्मत और निडरता देखकर मन ही मन कुढ़ता रहता था। एक दिन बब्बर शेर का दिमाग फिर गया। उसने अपने सेनापति और मंत्रियों को बुलाया और कहा, ’चंपकवन का वाइटी खरगोश मेरी आंख की किरकिरी है। मैं उसे जान से मार कर चंपकवन पर अपना कब्जा जमाना चाहता हूं। चंपकवन पर चढ़ाई की तैयारी शुरू की जाए।’

'वह बुद्धिमान है तो हम भी ताकतवर हैं' बब्बर शेर ने घमंड से अकड़ते हुए कहा, ’हमारी ताकत और सेना के आगे उसकी बुद्धि हार जाएगी।'

चंपकवन पर चढ़ाई की योजना बन गई। कब्बू कबूतर को चंपकवन पर चढ़ाई करने की योजना का पता चल गया। वह चंपकवन का जासूस था और वाइटी खरगोश का दोस्त भी था। वह उड़ता हुआ चंपकवन पहुंच गया। वह जल्दी से वाइटी को सूचना देना चाहता था। वाइटी उस समय अपने अंकल से बातचीत करने में मशगूल था। वाइटी के अंकल अमेरिका में बहुत बड़े वैज्ञानिक थे। उन्होंने तरह तरह के रोबोट बनाए थे। वह वाइटी को रोबोटों के बारे में बता रहे थे।

’अरे दोस्त, तुम इस वक्त कोई खास बात है क्या? वाइटी ने कब्बू की तरफ हैरानी से देखते हुए पूछा।

कब्बू ने उसे हमले की योजना के बारे में बताया। वाइटी खरगोश बेफिक्री से हंसता हुआ बोला, ’वह बब्बर शेर हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।‘

’यह बब्बर शेर कौन है बेटा? अंकल ने आश्चर्य से पूछा, ’वह चंपकवन पर हमला क्यों करना चाहता है?‘

’उसकी मति मारी गई है तो क्या करेगा ?‘ वाइटी ने बब्बर शेर के बारे में बताते हुए कहा, ’अंकल, हम उसे अपनी बुद्धि से हरा देगे।‘

अंकल वाइटी का साहस और आत्मविश्वास देख कर बहुत खुश हुए।

तभी वह कुछ सोच कर बोले, ’बेटा, खरगोश तो हमेशा से शेरों को अपनी बुद्धि से परास्त करते आए ही हैं लेकिन अब जमाना बदल गया है। बुद्धि के साथ-साथ दुश्मन को अपनी ताकत भी दिखानी चाहिए।

'मैं कुछ समझा नहीं अंकल।'

'बेटा, मैंने कुछ सैनिक रोबोट भी बनाए हैं, अंकल ने कहा, ’मशीनगन से लैस सैनिक रोबोट को हम चंपकवन की सीमा पर तैनात कर देंगे। '

वाइटी को अंकल की बात ठीक लगी। उधर बब्बर शेर के सैनिक हथियारों से लैस चंपकवन की तरह बढ़ने लगे। जैसे ही वे सैनिक चंपकवन की सीमा पर पहुंचे, वहां पहले से तैनात मशीनगन से लैस रोबोट सैनिक को देख उनके होश उड़ गए। 'अब तुम लोगों ने एक कदम भी आगे बढ़ाया तो सबको भून कर रख दूंगा,' रोबोट सैनिक मशीनगन तानकर बोला। बब्बर शेर के सैनिक अपनी अपनी जान बचा कर उल्टे पांव भाग खड़े हुए। वाइटी खरगोश ने सैनिकों को दुम दबा कर भागते देखा तो उस की हंसी छूट गई

'वाह अंकल, सचमुच आपके रोबोट सैनिक ने कमाल कर दिया' वाइटी हंसता हुआ बोला, ’बब्बर शेर के सारे सैनिक इनके आगे टिक नहीं पाए।

अंकल ने कहा, ’बेटा इसीलिए तो मैंने तुम से कहा था कि बुद्धि के साथ-साथ दुश्मनों को कभी-कभी अपनी ताकत भी दिखानी चाहिए। तभी उन्हें अपनी औकात का पता चलता है।'

एक पल रुक कर उन्होंने बताया, ’बेटा, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, चीन, रूस और ब्रिटेन जैसे देश भी अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने के लिए इन रोबोट सैनिकों को अपनी सीमाओं पर इस्तेमाल कर रहे हैं। वाइटी ने अपने अंकल को नई जानकारी देने और रोबोट सैनिक की तैनाती के लिए धन्यवाद दिया। (उर्वशी)हेमंत यादव ’शशि‘

SCROLL FOR NEXT