सांकेतिक तस्वीर 
झारखंड

गिरिडीह में जंगली हाथी ने 2 लोगों को कुचलकर मार डाला, ग्रामीणों में दहशत

घटना गादी गांव में उस समय हुई जब 3 लोग खेत में थे

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार सुबह एक जंगली हाथी ने 3 लोगों को कुचल दिया, जिससे 2 लोगों की मौत हो गई और 1 महिला घायल हो गयी। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना गादी गांव में उस समय हुई जब दो महिलाओं समेत 3 लोग खेत में थे।

मृतकों की पहचान गादी गांव की शांति देवी (70) और बोधि पंडित (52) के रूप में हुई है, जबकि घायल की पहचान बरकट्ठा थाना क्षेत्र के पेसम गांव की निवासी सुमन देवी (45) के रूप में हुई है।

गिरिडीह के प्रभागीय वनाधिकारी (पूर्व) मनीष कुमार तिवारी ने बताया, हाथी के कुचलने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गिरिडीह वन प्रभाग में हाथियों के दो-तीन झुंड घूम रहे हैं। गत 22 नवंबर को भी जमुआ इलाके में हाथियों के झुंड ने एक व्यक्ति को मार डाला था।

तिवारी ने कहा, कथित तौर पर दो हाथी कल रात हजारीबाग से गिरिडीह में घुस आए थे। ऐसा लगता है कि आज की घटना उन्हीं में से एक हाथी ने अंजाम दी।

वन रेंजर संजीव कुमार ने बताया, मृतकों के परिवारों को 30-30 हजार रुपये की तत्काल राहत प्रदान की गई है। शेष 3.70 लाख रुपये का मुआवजा सरकारी नियमानुसार 10 दिनों के भीतर प्रदान किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT