मौसम  
झारखंड

झारखंड में आसमानी कहर ! 24 घंटे में वज्रपात से 5 की मौत, 13 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

अगले 4 दिनों में तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना

रांची : झारखंड के 4 जिलों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पिछले 24 घंटों में एक लड़की और दो महिलाओं सहित कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को गढ़वा जिले से दो लोगों की मौत तथा रांची, धनबाद और बोकारो से एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली।

रांची के इटकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल्ली गांव में अपने माता-पिता के साथ पेड़ से आम तोड़ रही 12 वर्षीय लड़की आश्रिता की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता घायल हो गए। उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गढ़वा में कंडी थाना अंतर्गत गराखुर्द गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बनजंघा गांव में 32 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई।

उन्होंने बताया कि धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के चुंगी गांव में 44 वर्षीय महिला की मौत हो गई जबकि बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव में बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई।

शुक्रवार को झारखंड के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं जो शनिवार सुबह भी जारी रही। इससे राज्य भर में अधिकतम तापमान में गिरावट आई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रांची, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और गोड्डा सहित 13 जिलों के लिए रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक गरज के साथ बारिश का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम में यह बदलाव दो निम्न दबाव प्रणालियों के कारण हुआ है।

उन्होंने कहा, झारखंड में अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अगले चार दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

शुक्रवार को डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 6.2 डिग्री कम था। वहीं, चाईबासा में यह 33.4 डिग्री सेल्सियस और रांची में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

SCROLL FOR NEXT