निःसंतान दंपति अपहरण के आरोप में गिरफ्तार  
झारखंड

झारखंड से अगवा तीन वर्षीय अफरीन पश्चिम बंगाल से मिली

दस साल से संतानहीन दंपति ने भीड़ का फायदा उठाकर तीन वर्षीय अफरीन का अपहरण किया था

जमशेदपुर : झारखंड पुलिस ने जमशेदपुर के भीड़भाड़ वाले साकची बाजार से अगवा की गई तीन साल की एक बच्ची को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से सकुशल बरामद कर लिया और एक निःसंतान दंपति को गिरफ्तार किया है।

नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों की पहचान झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली निवासी अब्दुल जसीम उर्फ लखन (42) और अफसाना बेगम (30) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तीन साल की अफरीन 26 मई को अपने माता-पिता के साथ साकची बाजार में खरीदारी करने गई थी, तभी वह भीड़ में गुम हो गई।

ओलीडीह थाना क्षेत्र के दिमना बस्ती के हयात नगर निवासी बच्ची के पिता मोहम्मद इम्तियाज ने उसी दिन साकची थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मीणा ने बताया कि एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर बच्ची की तलाश और मामले की जांच के लिए एक पुलिस उपाधीक्षक की अगुवाई में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

जांच के दौरान SIT ने बाजार क्षेत्र के आसपास लगे करीब 50 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी जुटाई गई और कई संदिग्धों से पूछताछ की गई।

एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर टीम ने पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुस्ती गांव में छापा मारा और मंगलवार को बच्ची को बरामद कर दंपति को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा, पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पिछले दस साल से उनकी कोई संतान नहीं है और उन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर बच्ची को बाजार से अगवा किया था।

SCROLL FOR NEXT