रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य में नाबालिग लड़कियों के लगातार लापता होने के मामलों पर गहरी चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन को प्रत्येक जिले में ऐसे सभी मामलों की विशेष समीक्षा करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इन मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी की जाए।
लोक भवन द्वारा बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार राज्यपाल के निर्देश पर उनके अतिरिक्त मुख्य सचिव नितिन कुलकर्णी ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को नाबालिग लड़कियों के लापता होने से जुड़े मामलों के संबंध में पत्र भेजा है।
पत्र में कहा गया, पिछले कुछ दिनों से राज्य में नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इन मामलों में स्थानीय पुलिस द्वारा समय पर और उचित कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण अक्सर गंभीर और अप्रिय घटनाएं हो रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
राज्यपाल ने निर्देश दिया कि लंबित मामलों की जिला-वार अद्यतन सूची तैयार कर उसे लोक भवन को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों में कानून का भय होना चाहिए।
गंगवार ने इस बात पर बल दिया कि राज्य की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी लड़कियां सुरक्षित और निर्भय वातावरण में जीवन जी सकें।
बयान में कहा गया है कि राज्यपाल को नाबालिग लड़कियों के लापता होने के संबंध में कई ज्ञापन भी प्राप्त हुए हैं।