कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा 
झारखंड

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर गंभीर आरोप

नाबालिग से दुष्कर्म और झूठा बयान दिलाने का विवाद

Santosh Sharma

रांची/सिमडेगा : कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ अपनी नाबालिग घरेलू सहायिका से दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ घंटे बाद पुलिस ने शनिवार को दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इन दोनों पर लड़की का कथित तौर पर अपहरण करने और विधायक के खिलाफ 'झूठा' बयान देने के लिए उस पर दबाव बनाने का आरोप है।कांग्रेस राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का घटक दल है।

सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि लड़की के दादा ने शुक्रवार को जिले के पतराटांड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने दो लोगों के नाम बताए, जिन पर तीन दिन पहले 15 वर्षीय लड़की का अपहरण करने और दो बार विधायक रह चुके बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का झूठा बयान देने के लिए उस पर दबाव बनाने का आरोप है।

खोटरे ने बताया, हमने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दो आरोपियों में से एक यूट्यूब चैनल से जुड़ा कंटेंट क्रिएटर है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, खबरें सामने आई हैं कि घटना का खुलासा करने वाले एक पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह लोकतंत्र और स्वतंत्र पत्रकारिता पर सीधा हमला है। आरोपी विधायक खुलेआम अपनी ताकत दिखा रहे हैं और ऐसी खबरें हैं कि पत्रकार को धमकियां मिल रही हैं।

उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि उस पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज कराने वाला व्यक्ति भी आरोपी है, क्योंकि एक छोटी बच्ची को घरेलू काम के लिए सौंपना भी अपराध है। मरांडी ने कहा, मैं पुलिस से आग्रह करता हूं कि इन बातों को भी ध्यान में रखे। पुलिस को उस पत्रकार को परेशान नहीं करना चाहिए, जिसने एक असहाय लड़की की मदद की।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगी और तब तक आवाज उठाती रहेगी, जब तक आदिवासी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता और पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती।

SCROLL FOR NEXT