सांकेतिक तस्वीर 
झारखंड

चक्रवात 'अकवान' के चलते झारखंड में स्कूलों पर ताला

अकवान चक्रवात : प्रशासन ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Santosh Sharma

रांची : झारखंड के कुछ हिस्सों में शुक्रवार सुबह अकवान चक्रवात के प्रभाव से हल्की बारिश हुई। इसके मद्देनजर कुछ जिलों में प्रशासन ने स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं का संचालन स्थगित कर दिया।

चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया ओडिशा के गोपालपुर के पास सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई। सुबह साढ़े आठ बजे तक झारखंड के पांच जिलों में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ‘ऑरेंज’ अलर्ट (तैयार रहने की सलाह) जारी किया गया है।

पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने चक्रवात के मद्देनजर शुक्रवार को स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं का संचालन स्थगित करने का आदेश दिया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां तथा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

मौसम बुलेटिन के अनुसार, इसी अवधि के दौरान लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़ और जामताड़ा में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ‘येलो’ अलर्ट (सतर्क रहने की सलाह) जारी किया गया है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, दिन चढ़ने के साथ बारिश तेज होने की आशंका है। कुछ जिलों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। कुछ स्थानों पर बादलों की गरज के साथ बिजली चमकने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

उन्होंने कहा कि 22 नवंबर से स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है और 23 नवंबर से आसमान साफ रहने की संभावना है। इस बीच, चक्रवात के मद्देनजर राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है।

राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सभी जिलों को सतर्क और सचेत रहने को कहा गया है। सरकार की सबसे बड़ी चिंता खेतों में खड़ी धान की फसल को लेकर है।

मंत्री ने कहा, राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि लगभग 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में यदि चक्रवात के प्रभाव से लगातार भारी बारिश होती है, तो किसानों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि बारिश से फसल को नुकसान होने की स्थिति में पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वेक्षण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, कृषि विभाग और क्षेत्रीय एवं जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करना चाहिए, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित राहत और मुआवजा दिया जा सके। स्वास्थ्य मंत्री का भी दायित्व संभाल रहे अंसारी ने कहा कि सभी सिविल सर्जनों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

SCROLL FOR NEXT