रांची/जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार को यहां पहुंचेंगी और इस दौरान वह जमशेदपुर, गुमला और रांची में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति सोमवार को संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजनत्री ने कहा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का झारखंड का तीन दिवसीय दौरा 28 से 30 दिसंबर तक होगा। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने सभी सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति रविवार शाम रांची के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगी और सोमवार सुबह एक विशेष हेलिकॉप्टर से जमशेदपुर रवाना होंगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर के बाहरी इलाके करनडीह स्थित दिसोम जाहेरथान प्रांगण में जाएंगी जहां वह ‘ओल चिकी’ लिपि के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। ‘ओल चिकी’ आंदोलन की शुरुआत 1925 में पंडित रघुनाथ मुर्मू ने की थी। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय संथाली लेखक संघ और दिसोम जाहेरथान समिति संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं।
अखिल भारतीय संथाली लेखक संघ के महासचिव रवींद्र मुर्मू ने कहा, वह (राष्ट्रपति) ‘ओल चिकी’ लिपि के निर्माता पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगी।
उन्होंने बताया कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद तथा पद्मश्री से सम्मानित कालीपद सोरेन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति रात विश्राम के लिए रांची स्थित ‘लोक भवन’ लौटेंगी। मंगलवार को वह गुमला जाएंगी और ‘अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम समारोह-कार्तिक जात्रा’ को संबोधित करेंगी।
एक अधिकारी ने बताया कि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा झारखंड के जनजातीय मामलों के मंत्री चामरा लिंडा के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रपति मंगलवार को दिल्ली रवाना होंगी। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर रांची, जमशेदपुर और गुमला में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि रांची में बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से लोक भवन तक 200 मीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडर और गर्म हवा के गुब्बारों के लिए ‘नो-फ्लाई जोन’ निर्धारित किया गया है। यह क्षेत्र हिनू चौक, बिरसा चौक और अरगोड़ा चौक को कवर करता है।
यह निषेधाज्ञा 28 दिसंबर सुबह छह बजे से 30 दिसंबर रात 10 बजे तक लागू रहेगी। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर रांची में यातायात पाबंदियां भी लगायी गई हैं। इसी तरह, जमशेदपुर और गुमला में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।