झारखंड में भारी बारिश 
झारखंड

झारखंड में भारी बारिश और जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित

जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदियां उफान पर

जमशेदपुर : झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में भारी बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में जलभराव से सोमवार को सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। सोमवार की सुबह, आदित्यपुर पुल पर खरकई नदी 129 मीटर के 'लाल निशान' के मुकाबले 130.65 मीटर पर बह रही थी, जबकि सुवर्णरेखा का जलस्तर 121.50 मीटर के खतरे के निशान के मुकाबले 121.60 मीटर दर्ज किया गया। कोल्हान क्षेत्र में पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिले शामिल हैं।

इस बीच, पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा कि बहरागोड़ा प्रखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई घर जलमग्न हो गए हैं और वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है।

रविवार को पाटपुर, सकरा और डोमजुड़ी पंचायतों सहित प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने वाले सारंगी ने कहा कि जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रखंड में कई घर जलमग्न हो गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था करने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का आग्रह किया। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के जिला प्रशासन ने खरकई और स्वर्णरेखा नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना के मद्देनजर चेतावनी जारी कर दी है।

पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने खरकई और स्वर्णरेखा के जलग्रहण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में सतर्क रहें और प्रशासन के परामर्श का पालन करें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

सत्यार्थी ने उप-मंडल अधिकारी, नगर निकायों के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया और आम जनता से सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा।

SCROLL FOR NEXT