रांची : झारखंड के 4 जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 2 नाबालिगों समेत कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि रांची और गढ़वा जिलों में दो-दो लोगों की मौत की खबर है जबकि गुमला और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में एक-एक व्यक्ति की जान गई है। रांची जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सिल्ली थाना क्षेत्र के दुवाडू गांव निवासी शुभम मंडल (16) और बेरो थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी रवि तिग्गा (25) के रूप में हुई है। सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि मंडल अपने पिता के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहा था, उसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।
वहीं, बेरो थाना प्रभारी कफील अहमद ने बताया कि तिग्गा पर उस समय बिजली गिरी जब वह खेत में काम कर रहा था।
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के कुगांव निवासी देवराज उरांव (45) की भी बिजली गिरने से मौत हो गई। घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया, उरांव की मौत उस समय हुई जब वह अपने खेत में काम कर रहे थे।
गढ़वा जिले में मृतकों की पहचान शहबाज अंसारी (18) और फैजल खातून (12) के रूप में हुई है। दोनों रंका थाना क्षेत्र के दूधवाल गांव के रहने वाले थे।
रंका के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) शुभम तोपनो ने बताया, पीड़ित अपने घर से कुछ दूरी पर आम तोड़ रहे थे, तभी वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस घटना में छह साल का एक अन्य बच्चा भी झुलस गया है।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में रविवार शाम को बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन बच्चों समेत पांच अन्य घायल हो गए।
मझगांव थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव ने बताया कि चटारीसाई गांव निवासी विक्की पिंगुआ (25) अपने घर के आंगन में बैठा था, तभी उस पर बिजली गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि इसी गांव में कृष्णा मुंडा (22) और 3 बच्चे- अंजली सिरका (10), अंजू सिरका (8) तथा आयुष सिरका (6) भी बिजली गिरने से झुलस गए। उन्हें मझगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दिलदार चौक के पास एक अन्य गांव में मंतारनी कोडेनकल (22) नामक महिला काम से घर लौटते समय बिजली की चपेट में आ गई। उसे मझगांव सीएचसी लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे चाईबासा सदर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया।