रांची/गुमला : झारखंड की राजधानी रांची में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत का अंतिम संस्कार शनिवार को गुमला जिले में उनके पैतृक गांव उरु में किया जाएगा। परिजनों ने यह जानकारी दी।
निशा ने ‘फेसबुक लाइव’ में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और भूमि दलालों पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया था। इसके बाद निशा ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी।
विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस घटना से आदिवासी समुदायों में रोष है।
गुमला में उरांव आदिवासी समुदाय के स्थानीय नेता देवेंद्र लाल उरांव ने बताया कि शनिवार को एक बैठक हुई, जिसमें समुदाय के सदस्यों ने निशा के अंतिम संस्कार से पहले सांकेतिक विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया। विपक्षी दलों के नेताओं के भी निशा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुमला पहुंचने की संभावना है।
निशा के ‘फेसबुक प्रोफाइल’ पर मौजूद ‘लाइव’ वीडियो में उन्हें रोते हुए देखा जा सकता है। वह आरोप लगाती दिख रही हैं कि ‘हेमंत सोरेन सरकार और उसके जमीन दलालों’ के खिलाफ आवाज उठाने का मतलब है- अपनी मौत को निमंत्रण देना।
उन्होंने वीडियो में कहा, मुझे यह बात पहले ही समझ लेनी चाहिए थी... लोग कहते हैं कि भाजपा है, कांग्रेस है, लेकिन कोई नहीं है... मेरे माता-पिता को बहुत दुख होगा। मेरे पिता ने झारखंड आंदोलन में अपनी भूमिका निभाई थी। मैंने प्रशासन से लड़ने की बहुत कोशिश की और सुरक्षा के बारे में उनसे बात करने का भी प्रयास किया... लेकिन आज मुझे अपनी मौत को गले लगाना पड़ रहा है, क्योंकि यह हेमंत सोरेन सरकार महिलाओं को अपमानित कर सकती है और मैं यह सहन नहीं कर सकती।
करीब 11 मिनट का यह वीडियो अचानक बंद हो जाता है। वीडियो के अंत में ऐसा लगता है कि किसी हरे रंग की वस्तु से कैमरा ढक गया है।
निशा के पिता हांडू भगत ने शुक्रवार रात कहा, मैं अपनी बेटी की मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग करता हूं। मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, क्योंकि इसमें प्रभावशाली लोग शामिल हैं।
रांची ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने कहा, अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। उनके कमरे से कोई ‘सुसाइड नोट’ बरामद नहीं हुआ है। हम मामले की जांच कर रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी।