हिमांशु सिंह 
झारखंड

करणी सेना नेता हत्याकांड : BJP ने की CBI जांच की मांग

BJP ने कहा राज्य सरकार और पुलिस पर भरोसा खत्म

सरायकेला : BJP की झारखंड इकाई ने शनिवार को करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग की। जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र स्थित एक बार में 27 जून की रात कथित तौर पर छेड़खानी को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने पुलिस वाहन से हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह को बाहर खींचकर उन पर हमला कर दिया था। इस मामले में अब तक तीन नाबालिगों सहित कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष पांच आरोपियों की तलाश जारी है।

BJP के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, करणी सेना के नेता की हत्या की जांच के मामले में राज्य की जनता का सरकार और पुलिसकर्मियों पर भरोसा नहीं है। इसलिए इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराई जानी चाहिए।

साहू ने पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह और पूर्व विधायक अमर बाउरी सहित अन्य नेताओं के साथ जमशेदपुर के निकट आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ‘अपराधियों की समानांतर सरकार’ चल रही है।

उन्होंने कहा, पुलिस के गश्ती वाहन से दो युवकों को बाहर खींचकर उनपर धारदार हथियारों से हमला किया गया और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। साहू ने कहा कि इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह कोलकाता के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

उन्होंने घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, उन्हें सेवा से बर्खास्त करने और जेल भेजने की मांग की। साहू ने कहा, जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो अपराधियों पर लगाम कौन लगाएगा और आम जनता किस पर भरोसा करेगी ?

BJP ने 27 जून की घटना के विरोध में शुक्रवार को जमशेदपुर और आदित्यपुर में बंद का आह्वान किया था। उन्होंने कहा, बंद को लोगों का स्वतःस्फूर्त समर्थन मिला। घटना के विरोध में शैक्षणिक संस्थान बंद रहे, सड़कों पर वाहन नदारद रहे और कारोबारी प्रतिष्ठान भी बंद रहे।

BJP नेता ने चेतावनी दी कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी पूरे राज्य में बंद का आह्वान करेगी। साहू ने कहा कि उन्होंने हिमांशु सिंह के परिजनों को झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करने की सलाह दी है, क्योंकि उन्हें वहीं से न्याय मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि वह जल्द ही हिमांशु सिंह के परिजनों के साथ राज्यपाल से भी मुलाकात कर न्याय की मांग करेंगे। साहू ने कहा कि जिस बार में घटना हुई, उसके मालिक BJP नेता नीरज सिंह हैं, लेकिन यह प्रतिष्ठान राज्य सरकार से प्राप्त वैध लाइसेंस के साथ संचालित हो रहा था।

उन्होंने कहा, घटना बार के बाहर हुई, तो उसके मालिक को इसमें कैसे घसीटा जा सकता है ? पुलिस को निर्दोष लोगों को फंसाने के बजाय असली आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।

SCROLL FOR NEXT