रांची में BJP प्रदेश मुख्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन 
झारखंड

झारखंड : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED के कथित दुरुपयोग के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

BJP के प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और केंद्र एवं ED के दुरुपयोग का आरोप लगाया

रांची : दिल्ली की एक अदालत द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को राहत दिए जाने के एक दिन बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और केंद्र एवं प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

पार्टी के झंडे थामे प्रदर्शनकारी BJP के कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और केंद्र की भाजपा-नीत सरकार से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। BJP ने अपने कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन पर आपत्ति जताई।

कांग्रेस के झारखंड इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि दिल्ली की एक अदालत द्वारा इस मामले में दोनों नेताओं के खिलाफ जांच एजेंसी के धन शोधन के आरोप पर संज्ञान लेने से इनकार किए जाने के बाद सत्य की जीत हुई है।

कमलेश ने कहा कि BJP के शीर्ष नेता नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी पर हमला कर रहे हैं। अब केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को ईडी के माध्यम से अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर गांधी परिवार को बदनाम करने के लिए राष्ट्र से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पांच अन्य को राहत देते हुए दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड मामले में ED द्वारा दायर धनशोधन के आरोप पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि ED की जांच किसी प्राथमिकी के आधार पर नहीं, बल्कि एक निजी शिकायत से शुरू हुई थी।

कांग्रेस के झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, दिल्ली की एक अदालत के फैसले से यह उजागर हो गया है कि केंद्र सरकार ED का दुरुपयोग कर रही है। हम केंद्र सरकार से आग्रह करते हैं कि वह कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करे। अन्यथा जनता उन्हें इसका सबक सिखाएगी।

इस बीच, कांग्रेस महासचिव और मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि पार्टी ने 20 साल पुरानी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना को बदलने वाले विधेयक के विरोध में सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करने का अपना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिया है।

BJP के राज्य इकाई के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

मरांडी ने कहा, कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के फैसलों पर न्यायपालिका का विरोध करती है। आज वह राउज एवेन्यू अदालत के फैसले को लेकर जनता को गुमराह कर रही है। इस मामले में पार्टी निराधार बयानबाजी करके भ्रष्टाचार को छिपाना चाहती है। उन्होंने राज्य की राजधानी में विपक्षी पार्टी के कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन पर भी आपत्ति जताई।

उन्होंने आरोप लगाया, लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक या सामाजिक संगठन को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। लेकिन जिस तरह से कांग्रेस नेता भाजपा के प्रदेश कार्यालय के गेट पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे, उससे यह स्पष्ट हो जाता है कि पुलिस प्रशासन राज्य सरकार का एक औजार बन गया है।

कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन की एक घटक दल है। मरांडी ने आश्चर्य व्यक्त किया कि प्रशासन द्वारा बैरिकेड लगाए जाने के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा मुख्यालय के गेट तक कैसे पहुंचने दिया गया।

उन्होंने कहा, मैं इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग करता हूं। राज्य सरकार को ऐसे पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

SCROLL FOR NEXT