झारखंड

झारखंड में शीतलहर का प्रकोप

झारखंड में आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे

Badrinath Shaw

रांची: झारखंड के कई हिस्सों में शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा और राज्य के आठ जिलों में अचानक से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि खूंटी जिला राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद डालटनगंज में यह 3.5 डिग्री और बोकारो थर्मल में 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, गुमला, रांची और खूंटी जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रविवार सुबह 8:30 बजे तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। रांची स्थित मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, "झारखंड के ऊपर क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर-पश्चिमी से उत्तरी हवाएं लगातार चल रही हैं जिसके कारण राज्य के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।"

उन्होंने यह भी कहा कि अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। आईएमडी ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान रांची में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 6.6 डिग्री और जमशेदपुर में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, खूंटी, गुमला, लातेहार, पाकुड़, डालटनगंज (पलामू), लोहरदगा, रांची और बोकारो ऐसे जिले रहे, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

SCROLL FOR NEXT