झारखंड

झारखंड के 12 जिलों में 'शीत लहर' का अलर्ट, कहीं आपका जिला तो इनमें नहीं

झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण ठंड बढ़ी है।

Badrinath Shaw

रांची: झारखंड के 12 जिलों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है और कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि गुमला, राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इन जिलों में जारी रहेगा ‘येलो अलर्ट’

मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा, गुमला, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा के लिए शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक शीत लहर का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया, ‘‘झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण ठंड बढ़ी है।’’

2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

उन्होंने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की संभावना है, इसके बाद अगले दो दिन तक कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। शुक्रवार सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, खूंटी और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हजारीबाग और डालटनगंज में यह क्रमशः 5.3 और 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा बोकारो में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री, राजधानी रांची में सात डिग्री और सिमडेगा में 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

SCROLL FOR NEXT