झारखंड

Jharkhand : सात जिलों में शीत लहर की चेतावनी

गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के लिए ‘येलो’ अलर्ट (सावधान रहें) जारी किया है।

Badrinath Shaw

रांची : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के सात जिलों में 15 नवंबर तक के लिए शीत लहर की चेतावनी बुधवार को जारी की। मौसम विभाग ने 12 से 15 नवंबर तक सात जिलों - गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के लिए ‘येलो’ अलर्ट (सावधान रहें) जारी किया है।

तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव

रांची आईएमडी के उप-निदेशक एवं मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा, ‘सात जिलों में न्यूनतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है, जिससे अगले तीन दिनों के दौरान तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहेगा।’ उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया।

रांची में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज

रांची में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। राज्य का सबसे ठंडा स्थान गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी 8.1 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे और लोहरदगा 9.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

बुलेटिन में कहा गया है कि जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में 10.3 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि पूरे देश में सर्दियों की शुरुआत हो चुकी है। झारखण्ड में ठंड का व्यापक प्रकोप देखने को मिलता है। ऐसे में यह अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि इस बार बारिश की ही तरह ठंड भी अपना प्रकोप दिखा सकता है। ऐतिहातन मौसम विभाग समय-समय पर अलर्ट जारी करते रहता है।

SCROLL FOR NEXT