जमशेदपुर/रांची : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना के रुझानों में JMM उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन BJP के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बाबूलाल सोरेन से 20,807 मतों से आगे हैं।
दसवें चरण की मतगणना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) उम्मीदवार को 53,096 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार को 32,289 वोट मिले। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के उम्मीदवार रामदास मुर्मू 7,811 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
अधिकारी ने बताया कि घाटशिला उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में सुबह आठ बजे शुरू हुई।
यह उपचुनाव सत्तारूढ़ JMM और BJP दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। हालांकि, चुनाव परिणाम का हेमंत सोरेन सरकार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। 81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में JMM के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के पास वर्तमान में 55 विधायक हैं, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास 24 विधायक हैं।
इस सीट पर 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में 74.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ)-सह-उपायुक्त (डीसी) कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि मतगणना जारी है। कुल 20 चरणों में मतगणना होगी।
इस सीट से 13 उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बाबूलाल सोरेन (पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र) के बीच होने की संभावना है।
सोमेश JMM विधायक रामदास सोरेन के पुत्र हैं, जिनके 15 अगस्त को निधन के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। रामदास सोरेन ने 2024 के विधानसभा चुनाव में BJP के बाबूलाल सोरेन को 22,000 से अधिक मतों से हराया था। सोमेश चंद्र सोरेन पहली बार किसी चुनावी मैदान में उतरे हैं।