रांची : झारखंड में पिछले 24 घंटों में चार अलग-अलग सड़क हादसों में तीन नाबालिगों सहित सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को गिरिडीह जिले में चौपहिया दो वाहनों की भिड़ंत में आठ वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई और करीब 14 से 15 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना घंघरी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर हुई।
बागोदर थाने के प्रभारी अधिकारी अंजन कुमार ने बताया, लड़की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 55 वर्षीय एक व्यक्ति (जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है) ने सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पलामू जिले में पांकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो नाबालिगों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। दोनों हादसे रविवार शाम 7:30 से 8 बजे के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर हुए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, पहली घटना टेटराई गांव में हुई, जहां लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव निवासी चंदन कुमार (23) की मोटरसाइकिल को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि बांदुबार गांव में हुई दूसरी घटना में दो नाबालिगों (14 वर्षीय और 17 वर्षीय) की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। तीनों मोटरसाइकिल पर सवार थे और तेज गति के कारण वाहन से नियंत्रण खोने से सड़क पर गिर गए।
चतरा जिले में एक मोटरसाइकिल और कार की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना रविवार शाम करीब सात बजे चौपारण-ईटखोरी सड़क पर परसाउनी चौक के पास, ईटखोरी थाना क्षेत्र के भीतर हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान ऋषि पासवान (19) और अभिषेक पासवान (22) के रूप में हुई है, दोनों पड़ोसी हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के कर्मा गांव के निवासी थे।
ईटखोरी थाने के प्रभारी अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया, तेज रफ्तार कार की मोटरसाइकिल से भिड़ंत में दोनों पीड़ितों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्तेदार थे और सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उनके शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए।
उन्होंने बताया कि कार में सवार दो अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।