रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के रजरप्पा मंदिर में कथित तौर पर एक श्रद्धालु की पिटाई करते हुए दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह घटना रविवार को मंदिर के निकास द्वार के पास हुई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वीडियो में चार. पांच पुलिसकर्मी एक श्रद्धालु की कथित तौर पर पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। 'पीटीआई भाषा' वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी है।
इसी बीच पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एसपी ने कहा, रजरप्पा मंदिर में ड्यूटी पर तैनात झारखंड आर्म्ड पुलिस (जेएपी) के चार कांस्टेबल को डीएसपी-सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में हुई जांच में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है।
जांच के दौरान, वत्स ने चारों कांस्टेबल को दोषी पाया और अपनी रिपोर्ट जिला पुलिस मुख्यालय को सौंप दी। कुमार ने कहा, जांच रिपोर्ट के आधार पर हमने कांस्टेबल श्यामलाल महतो, राधे श्याम कुमार, बहादुर ओरांव और जॉनसन सुरिन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
मंदिर के वरिष्ठ पुजारी अजय पांडा ने बताया कि सप्ताहांत के कारण रविवार को सुबह से ही काफी भीड़ थी। बताया जाता है कि जमशेदपुर से आए एक श्रद्धालु ने कतार में खड़े हुए बिना निकास द्वार से मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ झड़प हो गई।