सांकेतिक तस्वीर 
झारखंड

जमशेदपुर सब्जी बाजार फायरिंग : 2 आदतन अपराधी समेत 3 गिरफ्तार

टिनप्लेट सब्जी बाजार में रंगदारी के लिए की गई फायरिंग का खुलासा

जमशेदपुर : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पिछले सप्ताह जमशेदपुर के एक बाजार में रंगदारी वसूलने के लिए कथित तौर पर गोलीबारी करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से दो लोग कई आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (शहर) संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोलमुरी थाना क्षेत्र के एक इलाके से दो आदतन अपराधियों को पकड़ा।

पुलिस अधीक्षक (शहर) ललित मीणा ने बताया कि उनके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोलमुरी इलाके से उनके एक साथी को भी गिरफ्तार किया और उसके पास से एक पिस्तौल तथा तीन कारतूस बरामद किए गए।

अधिकारी ने बताया कि 18 जुलाई को गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी बाजार में दो आदतन अपराधियों और उनके दो साथियों द्वारा कथित रूप से की गई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बीएनएस और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

आरोपियों ने एक लाख रुपये की रंगदारी वसूलने और इलाके में दहशत फैलाने की साजिश रची थी। अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन दो आदतन अपराधियों में से एक बदमाश हत्या के प्रयास सहित 15 मामलों में वांछित था जबकि दूसरे के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं।

SCROLL FOR NEXT