झारखंड

हजारीबाग में बस पर गिरा विशाल पेड़ ; बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे

झारखंड में भारी बारिश से परेशानी बढ़ी

Santosh Sharma

रांची/जमशेदपुर : झारखंड के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हुई, वहीं रांची में एक बस पर पेड़ गिर गया लेकिन उसमें सवार स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए।

राजधानी रांची में बारिश की वजह से सड़कें सुनसान नजर आईं और बहुत कम वाहन चलते दिखे। खराब मौसम के कारण बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर दोपहर दो बजे तक कम से कम पांच उड़ानें रद्द कर दी गईं।

झारखंड में 23 सितंबर से गहरे दबाव क्षेत्र के प्रभाव के कारण हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिसकी तीव्रता शुक्रवार को बढ़ गई। रांची के कई स्कूलों ने भारी बारिश को देखते हुए छुट्टी घोषित कर दी थी। इस बीच, राजधानी के एजी मोड़ इलाके में शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस पर बड़ा पेड़ गिर गया, हालांकि किसी छात्र को चोट नहीं आई।

डोरंडा थाने के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि छात्र स्कूल जा रहे थे, तभी बस पर पेड़ गिर गया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर दो बजे तक कम से कम पांच उड़ानें रद्द की गईं।

शहर के कई हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुछ इलाकों में पेड़ों के बिजली तारों पर गिरने, खंभों के टूटने या गिरने और लगातार बारिश तथा तेज हवाओं से हुई अन्य गड़बड़ियों के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। आपूर्ति बहाल करने के लिए सभी स्थानों पर टीमें काम कर रही हैं।

रांची स्थित मौसम केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि गुरुवार रात से झारखंड के कुछ हिस्सों में गहरे दबाव क्षेत्र के छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने के कारण तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। शनिवार से बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। 27 सितंबर से मौसम में सुधार की उम्मीद है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जबकि इसी अवधि के लिए 14 जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

आईएमडी ने पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए आकस्मिक बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया है।

जमशेदपुर में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे से शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे तक 56.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया।

SCROLL FOR NEXT