विमला प्रधान की फाइल फोटो 
झारखंड

झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान का निधन

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

Santosh Sharma

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन पर शनिवार को शोक जताया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता प्रधान का शुक्रवार रात रांची के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 69 वर्ष की थीं।

गंगवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

सोरेन ने उनके निधन को राज्य की राजनीति के लिए ‘अपूरणीय क्षति’ बताया। मुख्यमंत्री ने एक पोस्ट में कहा, झारखंड की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका निधन राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में विमला जी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

प्रधान ने 2009 और 2014 में सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। वह पर्यटन मंत्री भी रही थीं। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रधान का निधन पार्टी और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधान ने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक सक्रिय रहकर समाज और राज्य की सेवा की। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधान ने अपना जीवन जनसेवा, विशेष रूप से आदिवासी समाज के उत्थान और कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था।

उन्होंने कहा, समाज और संगठन के प्रति उनके समर्पण एवं योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनका निधन समाज और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। भाजपा ने बताया कि प्रधान का पार्थिव शरीर पूर्वाह्न 10 बजे रांची स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय लाया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT