रांची : वरिष्ठ आदिवासी नेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सह-संस्थापक शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार मंगलवार को रामगढ़ जिले में उनके पैतृक गांव नेमरा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
‘गुरुजी’ के नाम से मशहूर शिबू सोरेन ने सोमवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली थी और वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार की तैयारियां झारखंड के रामगढ़ जिले में उनके पैतृक गांव में की जा रही हैं। यह स्थान राज्य की राजधानी रांची से लगभग 70 किलोमीटर दूर है। सोरेन का गुर्दे से जुड़ी बीमारियों के लिए एक महीने से अधिक समय से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। वह 81 वर्ष के थे।
रामगढ़ के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए नेमरा का दौरा किया। अंतिम संस्कार के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की गई है क्योंकि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य कई नेताओं के इसमें शामिल होने की संभावना है।
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने कहा, मैं पार्टी की ओर से शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने लंबे संघर्ष के बाद झारखंड का गठन किया और आदिवासियों व वंचितों के लिए भी लंबी लड़ाई लड़ी। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है।
आज सुबह यहां पहुंचीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद शताब्दी रॉय ने कहा, हमारी (पश्चिम बंगाल की) मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नहीं आ सकीं। उन्होंने मुझे और राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन को शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए भेजा। लोगों के प्यार और सम्मान के कारण उनका नाम इतिहास में दर्ज रहेगा।
बिहार में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने यहां हवाई अड्डे पर कहा, भगवान बिरसा मुंडा की विचारधारा पर चलते हुए सोरेन न केवल झारखंड में बल्कि पूरे देश में वंचितों और शोषितों की आवाज बन गए। वह संघर्ष, मानवता और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे। इस बीच, ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन के निधन से नेमरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
राज्यपाल, विस अध्यक्ष और विधायकों ने दी श्रद्धांजलि
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर राज्य विधानसभा लाया गया, जहां राज्यपाल संतोष गंगवार और विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ जैसे नेताओं ने विधानसभा परिसर में ‘दिशोम गुरु’ के नाम से पहचाने जाने वाले शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य के मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और विभिन्न दलों के कई विधायकों ने विधानसभा परिसर में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बड़ी संख्या में लोग और झामुमो कार्यकर्ता शिबू सोरेन को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए विधानसभा परिसर में आए और उन्होंने ‘गुरुजी अमर रहे’ के नारे लगाए।