रांची : झारखंड में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत मकानों की सूची बनाने और घरों से संबंधित आंकड़े संग्रह करने के लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण शनिवार से शुरू हो गया।
एक अधिकारी ने बताया कि यह अभियान 14 जून तक चलेगा, जिसके दौरान प्रशिक्षित गणनाकर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
झारखंड के जनगणना संचालन निदेशालय (DCO) के अनुसार, राज्य के 24 जिलों, 51 शहरी निकायों और 264 प्रखंडों के कुल 32,459 गांवों में यह कार्य किया जा रहा है। इसके लिए करीब 76 हजार सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जिनमें 1,276 फील्ड ट्रेनर, 61,042 गणनाकर्मी और 10,386 पर्यवेक्षक शामिल हैं।
डीसीओ निदेशक प्रभात कुमार ने बताया, शुरुआती दो-तीन दिनों में गणनाकर्मी अपने क्षेत्रों और मकानों का नक्शा तैयार करेंगे, जिसके बाद घर-घर जाकर गणना शुरू होगी।
पहले चरण में मकानों की स्थिति, परिवार की जानकारी, उपलब्ध सुविधाओं और संपत्तियों से जुड़े 33 सवाल पूछे जाएंगे। इससे पहले एक मई से 15 मई तक स्व-गणना अभियान चलाया गया, जिसमें लोग डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दे सकते थे।
15 मई तक राज्य में 1,88,743 परिवारों ने स्व-गणना पूरी की। इसमें रांची पहले स्थान पर रहा, जहां 50,569 परिवारों ने जानकारी दी। इसके बाद पूर्वी सिंहभूम और हजारीबाग का स्थान रहा। कुमार ने बताया कि दूसरे चरण की जनगणना अगले वर्ष नौ से 28 फरवरी के बीच होगी।