नई दिल्ली - झारखंड पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल रही 23 साल की नक्सली युवती को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है।झारखंड के जंगलों में सेना का दबाव बढ़ने पर चार साल पहले युवती दिल्ली आ गई थी।
अचानक कैसे पकड़ी गई युवती ?
युवती दिल्ली में नाम बदलकर एनसीआर में अलग-अलग जगहों पर छिपती रही और फ्लैटों में घरेलू सफाई कर्मी के रूप में काम करती रही।एक केश की तफ्तीश के दौरान क्राइम ब्रांच को युवती के बारे में पता चला और दो महीने तक जांच करने के बाद उसे पीतमपुरा के महाराणा प्रताप एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया गया। युवती यहा अकेली रह रही थी। झारखंड के सोनुआ थाने के एक मामले में वह वांछित थी।
क्या कहना है क्राइम ब्रांच का ?
क्राइम ब्रांच के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि युवती का नाम रेणुका है। वह पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुदाबुरू गांव की रहने वाली है। कुछ महीनों से क्राइम ब्रांच की टीम एनसीआर में रहने वाले माओवादी चरमपंथियों से संबंधित एक सूचना पर काम कर रही थी। इसी बीच पुलिस को इस युवती के बारे में जानकारी मिली।आपको बता दें कि युवती किसान परिवार से है और उसने सिर्फ दूसरी कक्षा तक पढाई की है।
अदालत ने किया था वारंट जारी
2018 में युवती ने झारखंड पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में भाग लिया था। उसके बाद से ही वह फरार थी। सोनुआ थाने में इसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। 26 मार्च 2023 को झारखंड की अदालत ने इसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।