हाथी 
झारखंड

कोडरमा में हाथियों का कहर : 2 ईंट भट्ठों पर हमले में नाबालिग समेत 2 मजदूरों की मौत

40 वर्षीय श्रमिक और 12 साल के बच्चे की मौत, मुआवजा प्रक्रिया शुरू

Santosh Sharma

कोडरमा : झारखंड को कोडरमा जिले में मंगलवार देर रात दो अलग-अलग घटनाओं में हथियों के झुंड के हमले में कुचले जाने से एक नाबालिग सहित 2 लोगों की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना जयनगर थाना क्षेत्र के कांजियाडीह पंचायत स्थित दो ईंट भट्ठा क्षेत्रों में मंगलवार देर रात करीब दो बजे हुई। डोमचांच के वन क्षेत्र अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात 22 हाथियों का एक झुंड पंचायत में दाखिल हुआ था। वन विभाग की टीम झुंड को खदेड़ा रही थी।

कुमार ने कहा, रास्ते में एक ईंट भट्ठा इकाई है जिसके मालिक को हाथियों की आवाजाही के बारे में सूचित किया गया था, लेकिन उसने अपने श्रमिकों को इसकी जानकारी नहीं दी। वहां 20 मजदूर सो रहे थे। हाथियों के आने पर वे भाग निकले, लेकिन 40 वर्षीय एक श्रमिक हाथी के हमले का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कुमार के अनुसार, दूसरी घटना एक अन्य ईंट भट्ठा क्षेत्र में हुई जहां श्रमिक सो रहे थे। इसके मालिक को भी हाथियों की आवाजाही के बारे में सूचित किया गया जिसके बाद उसने तुरंत अपने श्रमिकों को जगह छोड़ने के लिए कहा। हालांकि, 12 वर्षीय एक लड़का वहां सोता रह गया जिसकी हाथियों द्वारा कुचले जाने से मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। झारखंड सरकार हाथी के हमले में मौत होने पर 4 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करती है।

SCROLL FOR NEXT