पुलिस की गिरफ्त में बच्चा चोरी के आरोपी 
झारखंड

धनबाद पुलिस ने SNMMCH अस्पताल से चोरी हुए नवजात को बरामद किया, 4 लोग गिरफ्तार

पुलिस ने स्पताल से चोरी हुए नवजात शिशु को 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया

धनबाद : पुलिस ने यहां शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) से चोरी हुए नवजात शिशु को 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया और इस संबंध में एक महिला सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।

शनिवार रात को अस्पताल के प्रसूति वार्ड से एक महिला बच्चे को यह कहकर ले गयी कि उसकी चिकित्सा जांच की आवश्यकता है। उस महिला ने नर्सिंग स्टाफ का भेष धारण किया हुआ था। जब नवजात नहीं लौटा, तो परिवार के सदस्यों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

यह अस्पताल सरायढेला पुलिस थाने के अंतर्गत आता है। सरायढेला पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मनजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ये अस्पताल के संविदा कर्मचारी इश्तियाक अंसारी, हासिमुद्दीन अंसारी, कौशल कुमार सिंह और एक महिला अभिलाषा सिंह हैं। महिला ने नर्सिंग स्टाफ होने का नाटक किया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उन्होंने नवजात शिशु को एक दंपत्ति को 3 लाख रुपये में बेचने की योजना बनाई थी। रविवार रात को जिला मुख्यालय से लगभग आठ किलोमीटर दूर भुली टाउनशिप से शिशु को बरामद किया गया।

कुमार ने बताया, CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई और अंततः भुली टाउनशिप क्षेत्र से शिशु को बरामद किया गया। SNMMMCH के अधीक्षक डॉ. डी. के. गिन्दौरिया ने पुष्टि की कि चोरी हुए शिशु को रविवार रात बरामद कर अस्पताल में उसकी मां को सौंप दिया गया। गिन्दौरिया ने कहा, नवजात की चिकित्सा जांच की गई और उसका स्वास्थ्य सामान्य पाया गया।

SCROLL FOR NEXT