रांची : बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब अगले 24 घंटों में एक भयंकर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस चक्रवात का झारखंड पर व्यापक और गंभीर असर पड़ने की आशंका है। राज्य में 27 अक्टूबर से ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा।
इस दौरान पूरे राज्य में घने बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से 28 से 30 अक्टूबर तक राज्य में लगातार भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस तीन दिवसीय मूसलाधार बारिश के कारण राजधानी रांची समेत कई अन्य जिलों के निचले इलाकों, मुख्य सड़कों और सब-वे में भारी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
अत्यधिक जलभराव के चलते कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों और कमजोर ढांचों को आंशिक या भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके साथ ही, राज्य की प्रमुख नदियां और बड़े नाले उफान पर आ सकते हैं, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा मंडरा रहा है। खेतों में पानी जमा होने से किसानों की खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान हो सकता है।
लगातार होने वाली इस बारिश के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने आम नागरिकों को केवल अनिवार्य कार्यों के लिए ही पूरी सावधानी के साथ घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।
लोगों को जलभराव वाले रास्तों, सब-वे और कमजोर पुल-पुलियों को पैदल पार न करने की सख्त चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, सुरक्षा के लिहाज से बारिश के दौरान बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मर से उचित दूरी बनाए रखने तथा घरों में पानी घुसने की स्थिति में तुरंत बिजली की आपूर्ति बंद करने का सुझाव दिया गया है।
किसानों को भी अपनी फसलों को बचाने के लिए खेतों से अतिरिक्त पानी की सुरक्षित निकासी हेतु क्यारियां बनाने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय तूफान के असर से झारखंड में 27 अक्तूबर से मौसम बदलेगा। मंगलवार को पूरे राज्य में बादल छाए रहने और कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 28 से 30 अक्तूबर तक राज्य में लगातार बारिश की संभावना है। इसके कारण रांची और अन्य जिलों के निचले इलाकों, सड़कों और सब-वे में भारी जलजमाव हो सकता है।