दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर सेंट्रल समिति की बैठक, ग्रामीण समितियों को लाइसेंस और सुविधाएं देने की मांग 
झारखंड

ग्रामीण दुर्गा पूजा समितियों को लाइसेंस और सुविधाएं देने की मांग

पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की बैठक में ग्रामीण पूजा समितियों को लाइसेंस, बिजली-पानी, सुरक्षा व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर, शांतिपूर्ण व भव्य आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा

जमशेदपुर : शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेन्ट्रल दुर्गा पूजा समिति की कार्यकारिणी बैठक रविवार को परिसदन सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने की। बैठक की शुरुआत दुर्गा स्तुति के साथ हुई। वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो ने स्वागत संबोधन दिया, जबकि संचालन बलदेव सिंह मेहरा ने किया।

प्रमुखता से उठा लाइसेंस का मुद्दा

बैठक में महासचिव ललन यादव ने वर्ष 2025 में दुर्गा पूजा समेत अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान समिति की ओर से किए गए कार्यों और जिला प्रशासन को दिए गए सहयोग का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा। बैठक में धालभूम और घाटशिला अनुमंडल के सभी 11 प्रखंडों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों ने जिला प्रशासन की ओर से अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) जारी नहीं किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधियों ने कहा कि कई समितियां दशकों से शांतिपूर्ण तरीके से पूजा आयोजित करती आ रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें लाइसेंस नहीं मिला है। उन्होंने शीघ्र अनुज्ञप्ति जारी करने की मांग की।

विधि व्यवस्था और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

समितियों ने नियमित बिजली आपूर्ति, सफाई, विधि-व्यवस्था, पर्याप्त स्लैग, विसर्जन घाटों और सड़कों की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई, प्रकाश व्यवस्था, चलंत चिकित्सा सेवा, अग्निशमन एवं यातायात व्यवस्था की मांग की। विसर्जन घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोर और क्रेन उपलब्ध कराने तथा टाटा स्टील, जुस्को, टाटा पावर समेत अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों से सीएसआर मद में सहयोग दिलाने की मांग भी रखी गई।

वरीय अधिकारियों से मिल होगी समाधान की पहल

पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने कहा कि पूजा से पहले समिति का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त और वरीय अधिकारियों से मिलकर समस्याओं के समाधान की पहल करेगा। उन्होंने पूजा समितियों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजन करने तथा प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

प्रशासन के साथ समन्वय कर व्यवस्था बेहतर करने का प्रयास

वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि पिछले वर्ष समिति के प्रयास से डुमरिया, चाकुलिया और बहरागोड़ा जैसे सुदूर क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के साथ कुछ समितियों को लाइसेंस भी दिलाया गया था। इस वर्ष भी प्रशासन के साथ समन्वय कर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है।

बैठक के अंत में संयुक्त सचिव सह अधिवक्ता विनीता मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर खगेन चंद्र महतो, जितेंद्र कुमार, पवन उपाध्याय, अंकित जवानपुरिया, राकेश साहू, रामस्वरूप यादव, अशोक कुमार सिंह, राखी पालित, श्वेता चक्रवर्ती, सीमा साहू, ज्योति देवी, नंद किशोर ठाकुर, रामबाबू यादव, तापस चटर्जी, मनोज कुमार, कुंज विहार, डी. बोस, कमल यादव, प्रणब नाहा, अमित यादव समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

SCROLL FOR NEXT