रांची : केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने झारखंड में रिश्वतखोरी के एक मामले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की डुमरिया शाखा के ब्रांच मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से 77 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की प्रारंभिक जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद एजेंसी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को निर्धारित राशि के साथ भेजा गया और पूरी कार्रवाई पर निगरानी रखी गई।
CBI के अनुसार, 1 जून को आरोपी ब्रांच मैनेजर को शिकायतकर्ता से 77 हजार रुपए की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद एजेंसी ने आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी अभियान भी शुरू किया। तलाशी के दौरान मिले विभिन्न दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार ब्रांच मैनेजर को मंगलवार को धनबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा, जहां CBI आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है।
CBI ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अधिकारी ने इसी प्रकार के अन्य मामलों में भी अनियमितताएं या भ्रष्टाचार किया है या नहीं।