फाइल फोटो 
झारखंड

महिला कार्यकर्ता से छेड़छाड़, 38 लोगों पर मामला दर्ज

भाजपा ने JMM समर्थित गुंडों पर कार्रवाई की मांग तेज की

रांची : रांची में 21 अगस्त को विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच’ की एक सदस्य के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने को लेकर 38 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस महिला ने झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता (भाजपा) बाबूलाल मरांडी के साथ यहां कोतवाली थाने में जाकर शिकायत करायी जिसके बाद सोमवार को यह मामला दर्ज किया गया।

कोतवाली थाने के प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया, प्राथमिकी में आठ नामजद लोगों के साथ-साथ 30 अज्ञात लोगों का भी उल्लेख है। उन पर छेड़छाड़ और बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह घटना भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर निकाले गए एक जुलूस के दौरान अल्बर्ट एक्का चौक के पास हुई।

पीड़िता ने कहा, हमने शांतिपूर्ण जुलूस निकाला तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाने की कोशिश कर रहे थे। तभी करीब आठ ज्ञात और 30 से ज़्यादा अज्ञात लोगों ने मुझ पर हमला किया तथा मेरे साथ छेड़छाड़ की।

मरांडी ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठा रहे विद्यार्थियों पर ‘(सत्तारूढ) झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के गुंडों’ का कायरतापूर्ण हमला बेहद निंदनीय है।

उन्होंने कहा, भाजपा विद्यार्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर स्तर पर उनके संघर्ष का समर्थन करेगी। इस बीच, मरांडी अन्य भाजपा नेताओं के साथ रांची सदर के क्षेत्राधिकारी-सह-मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचे और JMM के ‘गुंडों’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया, 21 अगस्त के विरोध-प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर मौजूद मजिस्ट्रेट ने एकतरफा कार्रवाई की है। उस दिन झामुमो के गुंडों ने दहशत फैलाई जबकि छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारी ने उन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की जिन्होंने प्रदर्शन में बाधा डाली और छात्राओं के साथ बदसलूकी की।

विपक्ष के नेता ने कहा, हम सभी ऐसे अधिकारियों को उनकी ज़िम्मेदारियों का एहसास कराने आए हैं। हमने मजिस्ट्रेट-सह-क्षेत्राधिकारी से निष्पक्ष कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मरांडी ने कहा कि अगर वह इन गुंडों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं करते हैं, तो उनके दफ़्तर के सामने धरना दिया जाएगा।

मरांडी ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर कई वीडियो और अन्य सबूत मौजूद हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि उस दिन कौन लोग गुंडागर्दी कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन विद्यार्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, भाजपा उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता देगी।

SCROLL FOR NEXT