रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एक बार फिर सवालों के घेरे में है। झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को झारखंड पात्रता परीक्षा (JET)-2024 की परीक्षाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाया और JPSC अध्यक्ष को हटाने की मांग की।
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा दो केंद्रों पर दो विषयों की JET-2024 परीक्षा रद्द करने के एक दिन बाद मरांडी ने यह मांग की। इन केंद्रों पर रविवार को आयोजित परीक्षाएं प्रश्न पत्रों की कमी और पठनीयता संबंधी समस्याओं के कारण बाधित हुई थीं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने बताया, राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। JPSC द्वारा आयोजित JET परीक्षा में गंभीर खामियों ने पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा, मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करता हूं कि वे आयोग के अक्षम और अयोग्य अध्यक्ष को हटा दें ताकि उम्मीदवारों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
अधिकारियों के अनुसार, बोकारो जिले के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल और रांची के एएसटीवीएस डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में परीक्षाएं रद्द कर दी गईं। प्रभावित विषय शिक्षा और उड़िया थे। JPSC ने कहा कि पुनर्निर्धारित परीक्षाओं की नयी तिथियों की घोषणा अलग से की जाएगी।