शुभेंदु अधिकारी 
झारखंड

बाबूलाल मरांडी ने शुभेंदु अधिकारी को देश का ‘सबसे सशक्त और समझदार’ CM बताया

मरांडी ने अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंके जाने की घटना को बताया ‘नाटकीय’

जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को शुभेंदु अधिकारी को देश का ‘सबसे सशक्त और समझदार’ मुख्यमंत्री बताया।

मरांडी ने जमशेदपुर दौरे के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा,जिस तरह अधिकारी फैसले ले रहे हैं, मैं कह सकता हूं कि वह देश के सबसे सबसे सशक्त और समझदार मुख्यमंत्री हैं।

तृणमूल कांग्रेस के सांसदों अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पर हुए हमलों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मरांडी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से जुड़ी घटना उन्हें ‘नाटकीय’ प्रतीत हुई।

उन्होंने कहा, जिस तरह अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंके गए और उसके बाद उन्होंने हेलमेट पहन लिया, वह मुझे एक ‘नाटक’ जैसा लगा। हालांकि, मैं वहां मौजूद नहीं था और घटना पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।

मरांडी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सांसदों पर हमला कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है और उन्हें विश्वास है कि राज्य सरकार इसकी जांच करेगी।

झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर मरांडी ने कहा कि पार्टी की राज्य चुनाव समिति ने इस विषय पर चर्चा की है। केंद्रीय नेतृत्व को अपने विचार से अवगत करा दिए हैं। उन्होंने कहा, उम्मीदवार के बारे में अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति करेगी। पार्टी इसकी औपचारिक घोषणा करेगी।

यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्रियों अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा या चम्पई सोरेन में से किसी को उम्मीदवार बना सकती है, मरांडी ने कहा कि इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा।

उन्होंने कहा, जिसे भी उम्मीदवार चुना जाएगा, पार्टी के सांसद, विधायक और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से उसके लिए काम करेंगे और उसकी जीत सुनिश्चित करेंगे।

BJP ने घोषणा की है कि वह 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में झारखंड की 2 सीटों में से एक पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। ये दोनों सीट उच्च सदन के लिये 10 राज्यों की उन 24 सीट में शामिल हैं, जिनके लिए में चुनाव होना है।

पार्टी की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में मई के अंतिम सप्ताह में हुई राज्य चुनाव समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया था।

BJP के प्रदेश महासचिव अमर कुमार बाउरी ने पिछले सोमवार बैठक के बाद कहा था, पार्टी ने रिक्त हो रही दो राज्यसभा सीट में से एक पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है।

बाउरी ने कहा था कि पार्टी केवल चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उम्मीदवार उतार रही है।

राज्यसभा की एक सीट शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई, जबकि BJP सदस्य दीपक प्रकाश का 6 वर्षीय कार्यकाल 21 जून को पूरा हो जाएगा।

झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के 24 विधायक हैं, जबकि ‘India’ गठबंधन के 56 सदस्य हैं। झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा का एक विधायक है।

SCROLL FOR NEXT