रांची में बाबूलाल मरांडी को मिठाई खिलाते केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव 
झारखंड

बाबूलाल मरांडी बने भाजपा विधायक दल के नेता

बाबूलाल मरांडी को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया

रांची : भाजपा ने गुरुवार को धनवार क्षेत्र से विधायक बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में पार्टी विधायक दल का नेता नियुक्त किया। एक बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मरांडी को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा ने झारखंड में विधायक दल के नेता के चयन के लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चे के अध्यक्ष के. लक्ष्मण को केंद्रीय पर्यवेक्षक0 नियुक्त किया था।

यादव ने कहा कि नवीन जायसवाल, नीरा यादव, राज सिन्हा और प्रकाश राम जैसे वरिष्ठ विधायकों ने बैठक के दौरान विधायक दल के नेता के रूप में मरांडी के नाम का प्रस्ताव रखा और इसे सभी ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा, राज्य विधानसभा में मरांडी के नेतृत्व में विधायक झारखंड और यहां की जनता की भलाई के लिए काम करेंगे।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने उन्हें दी गई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का आभार जताया। मरांडी ने कहा, मैं संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करूंगा और विधानसभा के अंदर और बाहर सभी को एक साथ लेकर चलने का हर संभव प्रयास करूंगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष ने पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता के नाम की सिफारिश पार्टी द्वारा किए जाने के बावजूद जानबूझकर देरी की थी। उन्होंने कहा, लेकिन हमारे विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह सरकार से लड़ते रहे। मरांडी ने कहा कि वह राज्य और यहां की जनता के हितों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, हम उन खामियों को भी दूर करने का प्रयास करेंगे जिनके कारण पार्टी को (पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में) हार का सामना करना पड़ा था।

सीएम हेमंत सोरेन ने जताई खुशी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, हमें खुशी है कि कल से सदन में विपक्ष का नेता होगा। पूरे सदन को इस बात से खुश होना चाहिए। यह सदन के लिए गर्व की बात है।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विधायक अब मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के संबंध में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के कार्यालय को पत्र सौंपेंगे, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष को 81 सदस्यीय सदन में विपक्ष का नेता घोषित किया जायेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने भी दी बधाई

महतो ने कहा, सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे सदन को सुचारू रूप से चलाने में भी मदद करते हैं।

SCROLL FOR NEXT